अयोध्या। शिक्षक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी 16 अक्टूबर को अयोध्या पहुंचेंगे। वह अवध विश्वविद्यालय के विवेकानंद प्रेक्षागृह में अयोध्या महानगर व जिला ईकाई और अम्बेडकर नगर के पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों से भी संवाद करेंगे। साथ ही बूथ स्तर पर चुनावी जिम्मेदारी संभाल रहे कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और संगठनात्मक सक्रियता का मंत्र देंगे।
प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यालय सहादतगंज में बैठक आयोजित की गई। इसमें कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और बैठक को सफल बनाने की तैयारियों पर चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप दिया गया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षक विधान परिषद चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। प्रदेश अध्यक्ष के मार्गदर्शन से चुनाव की तैयारियों को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ चुनावी अभियान को प्रभावी बनाने में जुटे हैं। शिक्षकों और प्रबंधकों से संवाद के माध्यम से उनकी अपेक्षाओं को समझने तथा संगठन की बात उन तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
महानगर महामंत्री शैलेन्द्र कोरी ने कहा कि चुनाव में बूथ स्तर की तैयारी और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रदेश अध्यक्ष के मार्गदर्शन से चुनाव से जुड़े कार्यकर्ताओं को दिशा मिलेगी। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां तय की गई हैं, ताकि प्रदेश अध्यक्ष के प्रवास को सफल बनाया जा सके। भाजपा पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में संबंधित क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों, संगठन के पदाधिकारियों और चुनाव से जुड़े कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।