अयोध्या। बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत के बाद अयोध्या में जश्न का माहौल देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों, आतिशबाज़ी और शुभकामनाओं के साथ विजय उल्लास में डूबे नज़र आए। सर्किट हाउस में महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव और जिलाध्यक्ष संजीव सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा, बिहार की जीत यह साबित करती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हाथों में है और जनता विकास की राजनीति का समर्थन कर रही है। यह केवल चुनावी जीत नहीं, जनभावना की विजय है। जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा, भाजपा विचारधारा, संगठन और समर्पण की पार्टी है। बिहार की जनता ने एक बार फिर राष्ट्रवाद और विकास के एजेंडे पर भरोसा जताया है। यह परिणाम ऐतिहासिक है।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा, इस चुनाव ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता अब जाति और परिवारवादी राजनीति को स्वीकार नहीं करती। बिहार का यह जनादेश भारत के भविष्य की दिशा तय करने वाला है। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा, यह जीत भारतीय लोकतंत्र की परिपक्वता का परिणाम है। बिहार की जनता ने देशहित में निर्णय लिया है।शहर के कई क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजय रैली भी निकाली।
