अयोध्या। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के तारून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मछली भोज को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं ने सावन के पवित्र महीने में मछली भोज के आयोजन को सनातन आस्था का अपमान बताते हुए कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल उठाए हैं। नेताओं ने कहा कि अयोध्या जैसी धार्मिक नगरी में इस तरह के आयोजन से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।



महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को हिंदू समाज की भावनाओं की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि सावन में मछली भोज का आयोजन महज भोजन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सनातन परंपराओं और करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं का अपमान है। कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह किस मानसिकता के साथ अयोध्या में ऐसे आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि सनातन का अपमान करने की कांग्रेस की राजनीति अब जनता के सामने पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। कहा कि कांग्रेस को तुष्टीकरण और दिखावे की राजनीति बंद करनी चाहिए। सावन में सनातन की बात करना और फिर मछली भोज कांग्रेस के पाखंड की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या की जनता धार्मिक भावनाओं के साथ होने वाले इस तरह के खिलवाड़ को कभी स्वीकार नहीं करेगी।