Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या बारिश में फिसली बाइक, नगर निगम के वाहन से टकराया युवक, मौत

बारिश में फिसली बाइक, नगर निगम के वाहन से टकराया युवक, मौत

0

◆ अंगूरीबाग में हादसा, पिता को अस्पताल में नाश्ता देकर लौट रहा था 17 वर्षीय लकी


अयोध्या । कोतवाली नगर क्षेत्र के अंगूरीबाग में रविवार सुबह बारिश के बाद सड़क पर हुई फिसलन एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गई। गाय को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े नगर निगम के कूड़ा वाहन से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के समय युवक ने हेलमेट नहीं पहना था।

मृतक की पहचान इमामबाड़ा राठहवेली निवासी मो. सोएब सिद्दीकी के पुत्र ऐहेतेसाम सिद्दीकी उर्फ लकी के रूप में हुई है। लकी जेईई की तैयारी कर रहा था और चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। परिजनों के मुताबिक, लकी के पिता मो. सोएब सिद्दीकी बीएसए कार्यालय में लिपिक पद पर तैनात हैं और इन दिनों अस्पताल में भर्ती हैं। रविवार सुबह लकी बाइक से अस्पताल गया था और पिता को नाश्ता-पानी देने के बाद घर लौट रहा था। अंगूरीबाग प्राथमिक विद्यालय के सामने अचानक गाय के आ जाने पर उसे बचाने के लिए उसने ब्रेक लगाया। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन होने से बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क किनारे खड़े नगर निगम के कूड़ा वाहन से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसका सिर वाहन से टकरा गया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शी मुकेश सोनकर ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे बारिश हुई थी। नगर निगम का वाहन सड़क किनारे खड़ा था। बाइक अनियंत्रित होने के बाद युवक ने नगर निगम के खड़े वाहन को टक्कर मार दी।  एंबुलेंस से उसे अस्पताल भेजा गया।

फार्ब्स इंटर कॉलेज के शिक्षक मो. आसिफ ने बताया कि लकी काफी मिलनसार स्वभाव का था और पढ़ाई में आगे बढ़ने के लिए जेईई की तैयारी कर रहा था। हादसे की खबर से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज शर्मा ने बताया कि हादसे में मृत युवक की पहचान ऐहेतेसाम सिद्दीकी उर्फ लकी के रूप में हुई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version