आलापुर, अंबेडकर नगर। जहांगीरगंज विकासखंड के अहिरौली रानीमऊ ग्राम पंचायत में पंचायत भवन और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के आसपास गंदगी व बड़ी-बड़ी झाड़ियां देखकर खंड विकास अधिकारी सत्य प्रकाश पांडेय नाराज हो गए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की टीम गठित कर तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी।
खंड विकास अधिकारी शुक्रवार को एक शिकायत की जांच के लिए अहिरौली ग्राम पंचायत पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने पंचायत भवन का औचक निरीक्षण किया। भवन के आसपास गंदगी और झाड़ियां देखकर उन्होंने सफाई कर्मचारी व पंचायत सचिव को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन और सार्वजनिक स्थलों के आसपास नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ पंचायत भवन के सामने स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय भी पहुंचे। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता परखी और रसोई कर्मचारियों को छात्राओं के लिए गुणवत्तापूर्ण व स्वच्छ भोजन तैयार करने की सख्त हिदायत दी।
बीडीओ सत्य प्रकाश पांडेय ने कहा कि गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखना प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर गंदगी और सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि यदि किसी गांव में सफाई कर्मचारी नियमित रूप से सफाई नहीं करता है तो इसकी शिकायत सीधे विकासखंड कार्यालय में करें। शिकायत की जांच कर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।