Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या नगर निगम अयोध्या का 756 करोड़ का बजट पास, विकास व जनसेवाओं...

नगर निगम अयोध्या का 756 करोड़ का बजट पास, विकास व जनसेवाओं पर खर्च होंगे 742 करोड़

0

एक राष्ट्र, एक चुनावप्रस्ताव और पहलगाम हमले का निंदा प्रस्ताव को स्वीकृति


अयोध्या। नगर निगम अयोध्या की बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 756.61 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। 742.55 करोड़ रुपये की राशि विकास कार्यों और जनसेवाओं पर खर्च की जाएगी। बुधवार को गांधी सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने की। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा की मौजूदगी में बैठक का संचालन अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार ने किया।

बैठक में वित्तीय एवं लेखा अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बजट का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसमें बताया गया कि प्रारंभिक अवशेष समेत नगर निगम की कुल आय 756.61 करोड़ रुपये और व्यय 742.55 करोड़ रुपये प्रस्तावित है।


बजट में प्रमुख आय स्रोत:


  • संपत्ति कर, जलकर, पशुकर सहित अन्य करों से: ₹ 29.72 करोड़

  • विभिन्न शुल्कों से: ₹ 21.46 करोड़

  • उत्पाद बिक्री से: ₹ 0.77 करोड़

  • राजस्व अनुदान एवं अंशदान से: ₹ 163.91 करोड़

  • केंद्र सरकार से: ₹ 27.40 करोड़

  • राज्य सरकार से: ₹ 241.07 करोड़

  • ब्याज व अन्य माध्यम से  : ₹ 0.316 करोड़


इस बजट से कर्मचारियों के वेतन, जन सुविधाओं, साफसफाई, विकास कार्यों, तथा शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के कार्य किए जाएंगे। बैठक में सफाईकर्मियों की बीट निर्धारण, प्रवर्तन दल के व्यवहार में सुधार, अलाव की लकड़ी की खरीद की जांच, और सामग्री खरीद की समयबद्ध निविदा प्रक्रिया सुनिश्चित करने जैसे निर्णय भी लिए गए।


एक राष्ट्र, एक चुनावप्रस्ताव को मिली मंजूरी


पार्षद बृजेंद्र सिंह द्वारा पेश एक राष्ट्र, एक चुनाव प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सपा पार्षद विशाल पाल ने आपत्ति दर्ज करवाई। महापौर ने 1967 तक हुए संयुक्त चुनावों का हवाला देते हुए इसके लाभों जैसे चुनाव खर्च में कमी, आचार संहिता की अवधि में कटौती और विकास कार्यों में तेजी की बात कही। अंततः सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित हो गया।


पहलगाम आतंकी हमले की निंदा, सेना की सराहना


बैठक में जम्मूकश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी नरसंहार की कड़ी निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना द्वारा की गई कार्रवाई की प्रशंसा की गई।

बजट की चर्चा में उपसभापति राजेश गौड़,  जय नारायण सिंह, अनिल सिंह, अनुज दास, विकास कुमार, सूर्यकुमार तिवारी, हरिश्चंद्र गुप्त, चंदन सिंह, जगत नारायण, विनय जैसवाल, अखिलेश पाण्डेय,आदि ने हिस्सा लिया। बैठक में अपर नगर आयुक्त बागीश कुमार शुक्ल, शशि भूषण राय, मुख्य अभियंता पुनीत ओझा, सीटीएओ गजेंद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ला आदि मौजूद थे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version