Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या नए भवन से संचालित होने लगा अयोध्या धाम जोनल कार्यालय

नए भवन से संचालित होने लगा अयोध्या धाम जोनल कार्यालय

0

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महापौर ने किया शुभारंभ, पार्षदों के साथ की बैठक


अयोध्या। नगर निगम के अयोध्या धाम जोनल कार्यालय का संचालन अब उसके नए भवन से शुरू हो गया है। गुरुवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार और उपसभापति संतोष सिंह के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कर तथा नारियल फोड़कर कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया।

शुभारंभ के उपरांत भवन स्थित सभागार में पार्षदों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान महापौर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्टेट स्मार्ट सिटी योजना के तहत भवन निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराए जाने से नगर निगम को आधुनिक सुविधाओं से युक्त कार्यालय मिला है। उन्होंने कहा कि नए भवन से अयोध्या धाम जोनल कार्यालय का संचालन अधिक व्यवस्थित और सुगम होगा। कर्मचारियों के लिए पर्याप्त कार्यस्थल, अलग-अलग सेवा काउंटर तथा नागरिकों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे लोगों को अपने कार्य कराने में सुविधा मिलेगी और अनावश्यक भटकना नहीं पड़ेगा।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि आसिफबाग स्थित इस भवन का निर्माण 11.19 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। निर्माण कार्य 22 नवंबर 2023 को शुरू हुआ था, जबकि 19 जून 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या प्रवास के दौरान इसका लोकार्पण किया था। अब कार्यालय का संचालन नए भवन से प्रारंभ कर दिया गया है।

कार्यक्रम में भाजपा पार्षद दल के नेता बृजेंद्र सिंह, पूर्व उपसभापति राजेश गौड़, पार्षद अनिल सिंह, अंकित त्रिपाठी, मनीष कुमार, अनिकेत यादव, लुल्लुर यादव, अभय श्रीवास्तव, दीप कुमार गुप्त, सुनील यादव, हरिश्चंद्र अग्रहरि, सूर्यकुमार तिवारी ‘सूर्या’, जगतनारायण यादव, अजय पांडेय, महेंद्र शुक्ल, धर्मेंद्र मिश्र सहित नगर निगम के अनेक पार्षद उपस्थित रहे। अधिकारियों में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सहायक नगर आयुक्त गुरु प्रसाद पांडे, जोनल अधिकारी अशोक गुप्त समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version