Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या अवध विश्वविद्यालय को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम, क्रीड़ा परिषद ने दी...

अवध विश्वविद्यालय को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम, क्रीड़ा परिषद ने दी मंज़ूरी

0

अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में क्रीड़ा परिषद की बैठक कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप स्पोर्ट्स स्टेडियम और खेल सुविधाओं के निर्माण पर चर्चा की गई।

क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ. आशीष प्रताप सिंह ने प्रस्तावित स्टेडियम की आख्या प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्तमान में विश्वविद्यालय परिसर में कोई खेल मैदान उपलब्ध नहीं है, जिससे शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों की व्यावहारिक कक्षाएं प्रभावित होती हैं। उन्होंने बताया कि स्टेडियम के निर्माण से विश्वविद्यालय को जिला स्टेडियम पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और अंतर महाविद्यालयी व विश्वविद्यालय स्तरीय खेलों के आयोजन में सुविधा मिलेगी।

प्रस्तावित स्टेडियम में 400 मीटर ट्रैक, इनडोर व आउटडोर खेलों के लिए विशेष व्यवस्था, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी सहित अन्य खेलों की सुविधाएं, खिलाड़ियों के लिए आवासीय परिसर और दर्शक दीर्घा का निर्माण प्रस्तावित है।

कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि स्टेडियम का निर्माण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार किया जाएगा और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए बाहरी प्रशिक्षकों को आमंत्रित किया जाएगा।

बैठक में कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेंदु शुक्ला, कार्य परिषद सदस्यगण, शिक्षकगण व अभियंता उपस्थित रहे। बैठक का संचालन डॉ. अमूल कुमार सिंह ने किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version