◆ खेल दिवस पर महापौर और नगर आयुक्त ने किया भूमि पूजन व शिलान्यास, एक साल में तैयार करने का लक्ष्य
अयोध्या। खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में रामनगरी को बड़ी सौगात मिली है। वशिष्ठ कुंड वार्ड में करीब 17 करोड़ 83 लाख 81 हजार रुपये की लागत से मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। 4684 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस परिसर में बास्केटबॉल से लेकर बैडमिंटन, कुश्ती, टेबल टेनिस और जिम्नेशियम तक की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। निर्माण कार्य को एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
शनिवार को खेल दिवस के अवसर पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का शिलान्यास किया। इस दौरान परिसर को अयोध्या के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए भविष्य की खेल प्रतिभाओं की नर्सरी के रूप में विकसित करने की बात कही गई।
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि योगी सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रही है। अयोध्या में आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम भी है। नई खेल सुविधाओं से शहर की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती और खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों के लिए यह महत्वपूर्ण सौगात है। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स तैयार होने के बाद अयोध्या के युवाओं को विभिन्न खेलों के लिए एक ही परिसर में बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने के लिए नया मंच मिलेगा।
एक परिसर में कई खेलों की सुविधाएं
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत बनने वाला स्पोर्ट्स कांप्लेक्स 4684 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। इसमें करीब 3064 वर्ग मीटर में भवन का निर्माण होगा। बेसमेंट में 1372 वर्ग मीटर, भूतल में 1664 वर्ग मीटर तथा प्रथम एवं द्वितीय तल में करीब 789 वर्ग मीटर क्षेत्र विकसित किया जाएगा। करीब 91 वर्ग मीटर का टेरेस भी होगा।
परिसर में बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, कुश्ती कोर्ट, जिम्नेशियम, टेबल टेनिस हॉल और बहुउद्देशीय हॉल बनाए जाएंगे। इसके अलावा कॉन्फ्रेंस रूम, कैफेटेरिया एवं किचन, कोच रूम, कार्यालय, शौचालय, लिफ्ट और सीढ़ियों की सुविधा भी रहेगी। खिलाड़ियों और आगंतुकों के लिए चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
खेल प्रतिभाओं और प्रशिक्षकों का हुआ सम्मान
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 10 खेल प्रतिभाओं और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें बास्केटबॉल कोच चंदेश्वर पांडेय, वॉलीबॉल के शिवेंद्र सिंह व अनुज मिश्रा, कबड्डी के मुकेश निषाद, एथलेटिक्स के गोलू मौर्य, क्रिकेट के रंगेशमणि त्रिपाठी, बैडमिंटन के अनूप दुबे, हॉकी के राजेश श्रीवास्तव, वॉलीबॉल के सालिकराम यादव और एथलेटिक्स की नीतू गुप्ता शामिल रहीं।
वहीं, वशिष्ठ फाउंडेशन की ओर से साइकिलिंग में प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही 15 वर्षीय किशोरी बेबी को स्वर्गीय अमित सिंह अश्मित सम्मान प्रदान किया गया। फाउंडेशन की ओर से उसे प्रोत्साहन स्वरूप 11 हजार रुपये का चेक दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ ने किया। इस मौके पर उपसभापति संतोष सिंह, पार्षद रंजना यादव, विनय जायसवाल, रमाशंकर निषाद, सूर्यकुमार तिवारी, चंदन सिंह, हरिश्चंद्र गुप्ता, अभिनव पांडेय, अजय पांडेय, ज्ञान केसरवानी, सुशील मिश्र बबलू, दीप कुमार, सुल्तान अंसारी, सुफियान, भाजपा नेता हेमंत जायसवाल, आलोक द्विवेदी, रवि सोनकर, दिव्य प्रकाश तिवारी, इंजीनियर रवि तिवारी, मधुकरिया संत एमबी दास, धर्मेंद्र सिंह, व्यापारी नेता अंजनी गर्ग, खेल जगत से रोहित शर्मा, राहुल सिंह, योगेश्वर सिंह, सुनील अवस्थी, श्रीनिवास शास्त्री, अजीत सिंह तथा क्रीड़ा अधिकारी अमित सक्सेना सहित अन्य मौजूद रहे।