Saturday, August 29, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याराष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के स्वागत में जुटेगा भाजपाई कुनबा

राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के स्वागत में जुटेगा भाजपाई कुनबा


◆ मवई से अयोध्या पुल तक दर्जनभर स्थानों पर होगा भव्य स्वागत, अवध की संस्कृति में दिखेगी आतिथ्य की झलक


अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के 31 अगस्त को अयोध्या आगमन पर जोरदार स्वागत की तैयारियां की गई हैं। राष्ट्रीय महामंत्री पद का दायित्व संभालने के बाद जिले में उनका यह पहला आगमन होगा। उनके साथ भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव भी रहेंगी। मवई से अयोध्या पुल तक करीब दर्जनभर स्थानों पर पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि दोनों नेताओं का स्वागत करेंगे।

स्वागत कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने भिटरिया में पार्टी पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्वागत कार्यक्रम को गरिमापूर्ण और ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

स्वागत क्रम में मवई में ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी की अगुवाई में स्वागत किया जाएगा। रुदौली में विधायक रामचंद्र यादव जिला पदाधिकारी, चौधरी चरण सिंह इंटर कॉलेज महोली में विधायक अमित सिंह चौहान, रौनाही टोल प्लाजा के पहले पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारीखब्बू तथा उर्मिला महाविद्यालय, मुमताज नगर में विधायक चंद्रभानु पासवान की अगुवाई में स्वागत कार्यक्रम होगा।

महानगर सीमा में त्रिमूर्ति होटल के सामने विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष एवं महानगर महामंत्री शिवेंद्र सिंह स्वागत करेंगे। सहादतगंज ओवरब्रिज की शुरुआत में पूर्व विधायक गोरखनाथ, गरुण द्वार पर महानगर पदाधिकारी एवं विधायक अभय सिंह, दिशा कोचिंग के सामने जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, साकेतपुरी बैंक ऑफ बड़ौदा कार्यालय मोड़ पर पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र तथा रमाय होटल के सामने पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय दोनों नेताओं का स्वागत करेंगे।

क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने बताया कि 31 अगस्त सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी जिले की सीमा में प्रवेश करेंगे। इसके बाद अयोध्या पुल तक जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की ओर से अवध की परंपरा और संस्कृति के अनुरूप स्वागत किया जाएगा।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि महानगर में विशेष स्वागत की तैयारी की गई है। यहां 151 बटुक ब्राह्मण स्वस्ति वाचन, पुष्प वर्षा तथा घंटाघड़ियाल की मंगल ध्वनि के बीच दोनों नेताओं का स्वागत करेंगे। उनके स्वागत के लिए मानव श्रंखला बनाई जाएगी। स्वागत कार्यक्रम में प्रत्येक बूथ की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद काफिला निर्धारित मार्ग से अयोध्या पुल की ओर रवाना होगा। जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि हरीश द्विवेदी का राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद पहली बार अयोध्या आगमन कार्यकर्ताओं के लिए विशेष अवसर है। उनके स्वागत को लेकर जिले के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments