जलालपुर, अम्बेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के आशापार गावं में अधेड़ संतोष तिवारी की कुल्हाड़ी से हुई निर्मम हत्या के बाद पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को जब शव घर पहुंचा तो परिजन अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अड़ गये और शव के अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया। जिस से प्रसाशन के हाथ पाँव फूल गये। मौके पर सीओ जलालपुर अनूप कुमार सिंह, तहसीलदार निखिलेश वर्मा ने मौके पर पहुंच कर परिजनों की मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने व हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। उस के बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार को राजी हुए। पुलिस की मौजूदगी में शव का चहोड़ा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। सोमवार सुबह जब मृतक संतोष तिवारी का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। इस बीच सवर्ण ब्राह्मण सभा के भी पदाधिकारी मौके पर पहुंच गये जिस के बाद मृतक की पत्नी कमला देवी समेत अन्य परिजन जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अड़ गये और शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। परिजनों की प्रमुख मांग थी कि परिवार के भरण पोषण व बच्चों की शिक्षा हेतु बीस लाख रुपये मुवायजा दिया जाये।सुरक्षा हेतु शस्त्र लाइसेंस प्रदान किया जाय साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाये और दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर उन के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो। काफी मसक्कत व समझाने बुझाने व परिजनों की मांगो के हिसाब से उनकी मदद करने के आश्वाशन के बाद मृतक की पत्नी ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार जलालपुर निखिलेश कुमार को सौंपा और शव के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।सोमवार दोपहर बाद शव का चहोड़ा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। आशापार निवासी संतोष तिवारी 50 वर्ष की शनिवार रात उस समय गले पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गयी थी जब वह एक बारात से वापस आकर अपने घर के समीप पशुशाला के करीब सो रहा था। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी थी। सीओ जलालपुर अनूप कुमार सिंह ने बताया कि शीघ्र ही हत्या का खुलासा किया जायेगा।