जलालपुर अंबेडकर नगर । क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों की कड़ी में एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। मंगलवार की देर रात गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के किमी 82.200 पर तीन वाहनों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो तेरही कार्यक्रम थाना कप्तानगंज क्षेत्र से लौट रहा था। रास्ते में वाहन खराब हो जाने के कारण दूसरी बोलेरो को बुलाकर टोचन का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में प्रिंस यादव पुत्र गिरीश यादव, दीपक पुत्र स्व. राधे यादव, साजिद पुत्र सादिक और छोटेलाल पुत्र सुमेर निवासी ग्राम बिहरा बुजुर्ग, थाना अतरौलिया, जनपद आजमगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपीडा टीम और थाना जैतपुर थाना अध्यक्ष थीरेंद्र आजाद अपने पुलिस बल के साथ पहुंचकर तत्काल एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने छोटेलाल पुत्र सुमेर को मृत घोषित कर दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जलालपुर उपजिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता एवं जलालपुर क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर टोल प्लाजा के पास खड़ा करवाया।