अयोध्या। दीपावली के बाद भैया दूज के दिन अयोध्या धाम में पारंपरिक उल्लास के साथ अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। राम कोट स्थित कनक भवन के पास श्री राम आश्रम में इस अवसर पर विशेष आयोजन किया गया, जहां ठाकुर जी को 162 व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। भोग के उपरांत श्रद्धालुओं और राम भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।
श्री राम आश्रम के महंत जय राम दास ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव अयोध्या के सभी मठ-मंदिरों में बड़े श्रद्धा भाव से मनाया जाता है। श्री राम आश्रम में यह पर्व दीपावली के तीसरे दिन आयोजित किया जाता है ताकि भक्तगण समय निकालकर इसमें सम्मिलित हो सकें और भगवान के भोग का प्रसाद ग्रहण कर सकें। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मंदिर को फूलों और दीपों से सजाया गया था। सुबह से ही भक्तों का आगमन शुरू हो गया था, जो शाम तक चलता रहा।
महंत जय राम दास ने कहा कि परंपरा के अनुसार अन्नकूट महोत्सव लंका विजय और प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। जब वनवास से लौटने के बाद अयोध्या वासियों ने उनके राज्याभिषेक के अवसर पर 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया था, उसी स्मृति में यह पर्व आज भी श्रद्धा और उत्साह से मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 162 प्रकार के व्यंजन तैयार किए गए, जिन्हें ठाकुर जी को अर्पित किया गया और तत्पश्चात भक्तों के बीच प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। अयोध्या के मंदिरों में दिनभर भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन चलते रहे।