Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या रामनगरी में अन्नकूट महोत्सव की धूम, भगवान श्रीराम को चढ़ाया गया छप्पन...

रामनगरी में अन्नकूट महोत्सव की धूम, भगवान श्रीराम को चढ़ाया गया छप्पन भोग

0

अयोध्या। रामनगरी में बुधवार को अन्नकूट महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। प्रभु श्रीराम, सीता माता और लक्ष्मण जी के स्वागत में अयोध्या के मंदिर भक्ति और अस्था से सराबोर दिखे। रामजन्मभूमि मंदिर, कनक भवन, सीता-राम मंदिर, सियाराम किला, दर्शन भवन, गोकुल भवन, वेद भवन और गहोई मंदिर सहित हजारों मंदिरों में भगवान को छप्पन प्रकार के व्यंजन का भोग अर्पित किया गया।



भक्तों ने सुबह से ही मंदिरों में पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और अन्नकूट आरती में भाग लिया। रामनगरी के हर कोने में भजन-कीर्तन की गूंज रही। मंदिरों में जगह-जगह भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

सियाराम किला के महंत करुणा निधान शरण, सीता-राम मंदिर के महंत जगतगुरु रामानंदाचार्य, दर्शन भवन मंदिर की महंत ममता शास्त्री और गोकुल भवन मंदिर के महंत पशुराम दास के नेतृत्व में अन्नकूट के आयोजन पूरे विधि-विधान से संपन्न हुए। मंदिरों के रसोई घरों में पुड़ियां, कचौड़ियां, मालपुए, खीर, चूरमा, सूरन का चोखा, महाप्रसाद, कढ़ी-दाल, आंवला, सोया-मेथी-पालक, सीताफल, अगस्त के फूल, दही-बड़ा, पंचमेवा और ऋतुफलों सहित छप्पन प्रकार के व्यंजन भक्तिभाव से तैयार किए गए।

भंडार कक्षों में दिन-रात पकवान तैयार करने का काम चलता रहा। भक्तों ने भगवान के भोग के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया। अयोध्या के मंदिरों में भक्ति का ऐसा आलोक फैला कि पूरा नगर राममय हो उठा। दीपोत्सव की आभा में सजी रामनगरी में अन्नकूट महोत्सव ने श्रद्धा, स्वाद और संस्कृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version