Thursday, November 19, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यापरिक्रमा पथ पर सेवा की अविरल धारा, श्रद्धालुओं के लिए श्री अयोध्या...

परिक्रमा पथ पर सेवा की अविरल धारा, श्रद्धालुओं के लिए श्री अयोध्या न्यास का विशाल भंडारा


◆ पूर्व सांसद लल्लू सिंह की संस्था श्री अयोध्या न्यास ने लगाया विशाल भंडारा, पूर्व विधायक रामू प्रियदर्शी ने किया शुभारंभ


अयोध्या। रामनगरी की चौदहकोसी परिक्रमा में आस्था के साथ सेवा का भाव भी दिखाई दिया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व सांसद लल्लू सिंह की संस्था श्री अयोध्या न्यास की ओर से भीखापुर चौराहे पर विशाल भंडारा आयोजित किया गया। मंगलवार की रात्रि 9:30 बजे साधन सहकारी समिति के निकट भंडारे का शुभारंभ पूर्व विधायक रामू प्रियदर्शी ने किया। इसके साथ ही भोजन और प्रसाद वितरण शुरू हो गया। भंडारा परिक्रमा के समापन तक लगातार चलेगा।

भंडारा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी। यहां विश्रामालय, प्रसाधन और पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। मोबाइल चार्जिंग और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया था। परिक्रमा मार्ग से गुजर रहे श्रद्धालु यहां रुककर भोजन कर रहे थे। कुछ देर विश्राम के बाद अपनी यात्रा आगे बढ़ा रहे थे। सेवा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे रहे। कोई भोजन परोस रहा था तो कोई पानी उपलब्ध करा रहा था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटी गई थीं। भीड़ और यातायात नियंत्रण के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम का सहारा लिया जा रहा था। रामधुन पर बजते भजन वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे। श्रद्धालुओं के जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा परिसर गूंज रहा था। देर शाम तक भंडारे में भोजन और प्रसाद वितरण का क्रम जारी रहा।

पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि परिक्रमार्थियों की सेवा रामभक्तों की सेवा है। इसी भावना से न्यास की ओर से प्रतिवर्ष भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर डॉ. विक्रमा पांडे, गिरीश पांडे, अतुल चतुर्वेदी, सूरज सोनकर, दिलीप पासी, जगदीश चतुर्वेदी और सुबोध चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments