Thursday, November 19, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याभाजपा प्रदेश प्रभारी ने लिया चुनावी तैयारियों का फीडबैक, टिकट के दावेदारों...

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने लिया चुनावी तैयारियों का फीडबैक, टिकट के दावेदारों से भी की मुलाकात


◆ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले– हार की हताशा में अनर्गल बयानबाजी कर रहा विपक्ष, सपा के पीडीए में भी है अंतर


अयोध्या। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े बुधवार को अयोध्या पहुंचे। एयरपोर्ट पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। नेताओं के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारे भी लगाए।

एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष हार की हताशा में अनर्गल बयानबाजी कर रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। कहा कि उनके मन में एक पीडीए है और वोटों की राजनीति के लिए अलग पीडीए है। विपक्ष जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है। भाजपा जनता के बीच अपने काम और नीतियों के आधार पर जा रही है। यहां से वे बस्ती जनपद के लिए निकल गए।

अयोध्या पहुंचने के बाद प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने एक निजी होटल में पार्टी के टिकट के दावेदारों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के दावेदारों से मुलाकात की। उनकी बात सुनी और क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति की जानकारी ली। पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन और उसके कारणों पर चर्चा की। सामाजिक समीकरणों, जातीय प्रभाव और स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों का फीडबैक भी लिया। इस दौरान संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई। प्रदेश प्रभारी ने पदाधिकारियों से जमीनी स्थिति की जानकारी ली। मतदाता जोड़ो अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिक से अधिक नए मतदाताओं को पार्टी के अभियान से जोड़ने और संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने का निर्देश दिया। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर भी जोर दिया। विनोद तावड़े अपने व्यक्तिगत दौरे पर अयोध्या पहुंचे हैं। वे रामलला का दर्शन पूजन कर सायं आरती करेंगे।

स्वागत करने वाले नेताओं में प्रदेश महामंत्री व क्षेत्रीय प्रभारी अभिजात मिश्र,  क्षेत्रीय अध्यक्ष गोरखपुर विनोद राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, परमानंद मिश्र, शिवम‌् शुक्ला, स्वप्निल श्रीवास्तव और रवि सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments