Wednesday, November 18, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यासंविधान दिवस पर 80 विद्यालयों में चलेगा जागरूकता अभियान, नोडल शिक्षकों को...

संविधान दिवस पर 80 विद्यालयों में चलेगा जागरूकता अभियान, नोडल शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण


◆ लीगल लिटरेसी क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को बताए जाएंगे मौलिक अधिकार और कर्तव्य, 26 नवंबर को होगा संविधान संवाद


अयोध्या। संविधान दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देने के लिए जिले के 80 विद्यालयों में संविधान संवाद अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत विद्यालयों में लीगल लिटरेसी क्लब स्थापित किए गए हैं। कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए सोमवार को जनपद न्यायालय के सभागार में नामित नोडल शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों को अभियान की रूपरेखा और उसकी गतिविधियों की जानकारी दी गई। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रणंजय कुमार वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रत्येक विद्यालय से एक शिक्षक को नोडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रंजिनी शुक्ला ने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस पर जिले के सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को संविधान की उद्देशिका का पाठ कराया जाएगा। विशेष रूप से कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और राज्य के नीति-निदेशक तत्वों की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन संख्या 15100 के बारे में भी बताया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों को कानूनी अधिकारों और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध विधिक सहायता की जानकारी देना है।

सचिव ने नोडल शिक्षकों से अपने विद्यालयों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने और अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की अपेक्षा की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सिविल जज (जू.डि.) सदर सत्य प्रकाश नारायण तिवारी, सिविल जज (जू.डि.) हवेली शिवांगी त्रिपाठी, न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय प्रद्युम्न सिंह, सिविल जज (जू.डि.) प्रथम आशुतोष सिंह तथा सिविल जज (जू.डि.)/एफटीसी (महिलाओं के विरुद्ध अपराध) निवेदिता सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments