अंबेडकर नगर। चैत्र नवरात्रि के दृष्टिगत मिशन शक्ति फेज-पांच के तहत जनपद में महिला सशक्तिकरण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में शुक्रवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जन चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने गांव, कस्बों, बाजारों, चौराहों, शिक्षण संस्थानों एवं धार्मिक स्थलों पर भ्रमण कर लोगों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान महिलाओं और बच्चियों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं लिंगानुपात, बाल विवाह, स्कूल ड्रॉप आउट, लैंगिक शोषण, संस्थागत प्रसव और महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर चर्चा करते हुए जागरूक किया गया।
महिला पुलिस कर्मियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना प्रमुख रहीं। साथ ही वन स्टॉप सेंटर और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एंबुलेंस सेवा 108 व साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। पंपलेट वितरित कर उन्हें किसी भी आपात स्थिति में इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।