जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के नगपुर मुस्तफाबाद गांव में युवक रवि मौर्य का शव पेड़ से लटकता मिलने के मामले में पुलिस ने नामजद कथित प्रेमिका पूजा को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। वहीं, मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश के साथ पुलिस घटना की गहनता से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को नगपुर मुस्तफाबाद गांव निवासी पारस मौर्य के पुत्र रवि मौर्य का शव घर से कुछ दूरी पर एक पेड़ से लटकता हुआ मिला था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक के पिता पारस मौर्य ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी मामले में उसे फोन कर बुलाया गया और साजिश के तहत उसकी हत्या कर शव को तार के सहारे पेड़ से लटका दिया गया।
पिता की शिकायत पर पुलिस ने कथित प्रेमिका पूजा, उसके भाई अमरजीत तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
इस संबंध में जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि मुकदमे में वांछित पूजा को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया , जहां से उसे न्यायायिक अभिरक्ष में जेल भेज दिया गया। वहीं अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।