अयोध्या। जिला चिकित्सालय में हुए एक ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी ने चिकित्सक पर लापरवाही और रिश्वतखोरी का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी अयोध्या से मामले की जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।
पूराकलंदर थाना क्षेत्र के खोजनपुर उसऊ अमौना गांव की रहने वाली अंजू ने बताया कि उनके पति रामप्रसाद को पेट में तेज दर्द की शिकायत पर 16 अक्टूबर को जिला अस्पताल ले जाया गया था। वहां तैनात सर्जन ने पथरी बताकर ऑपरेशन की सलाह दी और कथित रूप से पैसों की मांग भी की। अगले दिन सर्जन ने ऑपरेशन किया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद मरीज की तबीयत बिगड़ने लगी।
अंजू के अनुसार, 22 अक्टूबर को चिकित्सक ने पाइप लगाई जिससे शरीर में खून जमने लगा। इसके बाद लगातार अल्ट्रासाउंड, एमआरआई और सीटी स्कैन कराए गए, मगर डॉक्टर ने हर बार रिपोर्ट को सामान्य बताया। हालत बिगड़ने पर भी मरीज को समय पर रेफर नहीं किया गया।
उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर को जब स्थिति गंभीर हो गई, तब जाकर उनके पति को मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां 26 अक्टूबर को फिर से ऑपरेशन हुआ। बावजूद इसके, 27 अक्टूबर को उनकी मृत्यु हो गई। अंजू ने कहा कि अगर चिकित्सक समय पर सही उपचार और रेफरल करते, तो उनके पति की जान बच सकती थी। उन्होंने डीएम से जांच कर दोषी चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में जिला चिकित्सालय के एसआईसी डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि “मामला जानकारी में आया है, लेकिन अब तक कोई लिखित शिकायत या उच्चाधिकारियों से निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं।