◆ सोशल मीडिया पर कथित फर्जी वीडियो वायरल करने और अभद्र भाषा के इस्तेमाल का मामला, रौनाही पुलिस ने शुरू की जांच
सोहावल, अयोध्या। भाजपा विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान की छवि को कथित रूप से धूमिल करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। रौनाही थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित फर्जी वीडियो वायरल करने और उसमें अभद्र भाषा के इस्तेमाल के आरोप में 13 नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम सैदपुर, पोस्ट महोली निवासी सुरेश कुमार मौर्या की तहरीर के मुताबिक कुछ लोगों और सोशल मीडिया हैंडल्स के जरिए एक कथित फर्जी वीडियो वायरल किया गया। आरोप है कि वीडियो को विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान के आवास का वीडियो बताकर सोशल मीडिया पर प्रचारित किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए विधायक की सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
तहरीर में अमित मौर्या, राहुल भारती, देवेश कुमार पिंटू, संग्राम सिंह मौर्या, इंडिया न्यूज दर्पण, समाजसेवी अजीत मौर्या, केके मिश्र पत्रकार, बंदे भारत न्यूज ग्रुप, विशाल मौर्या, रामजन्म निषाद, सुनील मौर्या और अर्जुन सिंह को नामजद किया गया है। इसके अलावा कुछ अन्य अज्ञात लोगों और सोशल मीडिया चैनलों का भी उल्लेख किया गया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को सोशल मीडिया पोस्ट से संबंधित स्क्रीनशॉट और फोटो उपलब्ध कराने की बात कही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 और 348(3) सूचना प्रोद्योगिक संसोधन अधिनियम 2008 की धारा 66 डी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले को लेकर अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और उसके स्रोत की जांच पुलिस के लिए अहम होगी।