आलापुर, अंबेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के टंडवा शुक्ल गांव निवासी 66 वर्षीय रामपलट तिवारी की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, बीते 11 नवंबर की सुबह रामपलट तिवारी साइकिल से कप्तानगंज जाने के लिए घर से निकले थे। नेवादा गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वह काफी देर तक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े रहे। सोशल मीडिया के माध्यम से दुर्घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान सोमवार शाम उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आजमगढ़ में ही पोस्टमार्टम कराया।