Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर नीट यूजी परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 11 केंद्रों पर 5088 परीक्षार्थी...

नीट यूजी परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 11 केंद्रों पर 5088 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

0

अम्बेडकर नगर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परीक्षा व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि 21 जून को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर कुल 5088 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए अतिरिक्त समय के साथ परीक्षा शाम 6:20 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों का प्रवेश, पंजीकरण एवं बायोमेट्रिक सत्यापन सुबह 11 बजे से शुरू होगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल अथवा अनुचित गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन जोनल मजिस्ट्रेटों की निगरानी में पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है।

बैठक में परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, सीसीटीवी निगरानी, चिकित्सा सहायता तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी नामित अधिकारियों को समय से केंद्रों पर पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने को कहा।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को पूर्ण सुरक्षा, पारदर्शिता और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी ज्योत्सना बंधु, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, एनटीए के सिटी कोऑर्डिनेटर, केंद्राध्यक्ष, ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version