अम्बेडकर नगर। बारावफात, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और रक्षाबंधन समेत आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की मौजूदगी में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने बताया कि 26 अगस्त को बारावफात और चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। पर्वों के मद्देनजर जिले के सभी थानों पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने पीस कमेटी की बैठकें कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की है।
बिजली, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्युत विभाग को रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निकायों के अधिकारियों को जुलूस मार्गों और प्रमुख स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने तथा नालियों की सफाई के लिए टीमें लगाने को कहा।
उन्होंने पर्व से पहले सभी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने, प्रमुख स्थलों और जुलूस मार्गों पर पर्याप्त मोबाइल टॉयलेट व पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मोबाइल टॉयलेट की सफाई हर तीन घंटे में कराने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को भी कहा गया। बस स्टेशन और उसके आसपास विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश एआरएम रोडवेज को दिए गए।
जुलूस मार्गों का फिर होगा स्थलीय निरीक्षण
डीएम ने अधिकारियों को जुलूस मार्गों का दोबारा स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। मार्ग में बिजली, सड़क, जल निकासी, प्रकाश या सफाई से जुड़ी किसी भी समस्या को समयबद्ध ढंग से दूर करने को कहा। प्रमुख स्थलों पर नियमित सफाई के साथ चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए।
खाद्य सुरक्षा विभाग को पर्वों के दौरान मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
डीजे की आवाज और सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी नजर
एसपी प्राची सिंह ने पुलिस अधिकारियों को पर्वों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने धार्मिक आयोजनों और जुलूसों में निर्धारित मानक के अनुरूप ही डीजे संचालन सुनिश्चित कराने को कहा। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगरानी बढ़ाने और भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी ने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी सूचना को सत्यापित किए बिना सोशल मीडिया पर साझा न करें। बैठक में विभिन्न थानों से आए धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों से उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने गए। डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट थनिगईयरसन टी, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।