अम्बेडकर नगर। महरुआ थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने मनसापुर कुटी के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कसा। पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके कागजात, हेलमेट समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। पुलिस की कार्रवाई से वाहन चालकों में खलबली मची रही।
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के साथ ही संदिग्ध तरीके से आवागमन करने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। साथ ही निर्धारित गति से वाहन चलाने, दोपहिया पर हेलमेट का प्रयोग करने और वाहन के जरूरी दस्तावेज साथ रखने के लिए जागरूक किया।
अभियान में उपनिरीक्षक प्रभात गंगवार के साथ दीवान प्रमोद शर्मा और दीवान अमित यादव शामिल रहे। पुलिस टीम ने सड़क से गुजरने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की। पुलिस की सक्रियता के चलते कई वाहन चालक अपने कागजात दुरुस्त करते नजर आए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध वाहनों और नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।