अयोध्या। जिले में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता होने के बावजूद अफवाह फैलाने या अनावश्यक रूप से खरीदारी करने की जरूरत नहीं है। जिला गन्ना अधिकारी राजेश्वर यादव ने लोगों से चीनी की कमी से जुड़ी किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
उन्होंने व्यापारियों को चेतावनी दी कि चीनी की कालाबाजारी या आवश्यकता से अधिक भंडारण किए जाने पर संबंधित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से बाजार में चीनी की उपलब्धता और भंडारण पर निगरानी रखी जा रही है।
जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि जिले में चीनी की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है। ऐसे में किसी भी तरह की अफवाह के आधार पर जमाखोरी करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने व्यापारियों से निर्धारित नियमों का पालन करने को कहा है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।