अयोध्या। थाना पूराकलंदर पुलिस ने हत्या की घटना में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। 25 अगस्त की शाम करीब छह बजे थाना पूराकलंदर क्षेत्र के ग्राम कन्दैला में पुरानी जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि इस दौरान रामलगन मौर्य और उनकी मां पार्वती देवी पर गोली और बम से हमला किया गया।
हमले में गंभीर रूप से घायल रामलगन मौर्य को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था, जबकि उनकी मां पार्वती देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के संबंध में थाना पूराकलंदर में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने शनिवार को मामले में वांछित आरोपी इन्द्रभान सिंह पुत्र हंसराज, निवासी ग्राम कन्दैला, थाना पूराकलंदर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा प्रयास किया जा रहा है।