Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या स्टाम्प चोरी का आरोप, उपजिलाधिकारी के आदेश पर जांच शुरू

स्टाम्प चोरी का आरोप, उपजिलाधिकारी के आदेश पर जांच शुरू

0

जलालपुर अम्बेडकर नगर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मरहरा गांव में सड़क किनारे स्थित भूमि के बैनामे में स्टाम्प चोरी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रजिस्ट्री विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से नियमों की अनदेखी कर कम स्टाम्प पर बैनामा किया गया।

शिकायतकर्ता राकेश यादव ने उपजिलाधिकारी जलालपुर को दिए गए शिकायती प्रार्थनापत्र में बताया कि मरहरा गांव स्थित गाटा संख्या 2588, रकबा 0.02 हेक्टेयर भूमि का बैनामा किया गया है। उक्त भूमि पक्की सड़क के किनारे स्थित है और उस पर मकान व दुकान भी निर्मित हैं, इसके बावजूद बैनामे के समय इन तथ्यों को जानबूझकर छिपाया गया। आरोप है कि भूमि को सामान्य कृषि या खाली जमीन दर्शाकर स्टाम्प शुल्क की भारी चोरी की गई।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि सड़क से सटी व्यावसायिक उपयोग की भूमि होने के कारण इसका सर्किल रेट अधिक बनता है, लेकिन रजिस्ट्री के दौरान वास्तविक स्थिति की अनदेखी कर कम मूल्यांकन किया गया। इससे सरकार को राजस्व की क्षति हुई है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी जलालपुर ने रजिस्ट्रार को जांच के आदेश दिए हैं। वहीं इस संबंध में रजिस्ट्रार संतराम वर्मा ने बताया कि जिसकी शिकायत की गई है, वह मामला उनके दायरे में नहीं आता है, फिर भी उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुसार तथ्यों की जांच की जाएगी।

फिलहाल, शिकायत के बाद रजिस्ट्री विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि स्टाम्प चोरी हुई है या नहीं और यदि दोष सिद्ध होता है तो संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version