अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के बेरगा गांव में शादी से कुछ दिन पूर्व ही 20 वर्षीय युवती ने घर के अंदर पंखे की कुंडी से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी निरंजन की 20 वर्षीय पुत्री साधना मंगलवार की रात अपने कमरे में दरवाजा बंद कर सोने चली गई थी। इसी दौरान उसने कमरे में लगे पंखे की कुंडी से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। बुधवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने उसे आवाज देकर जगाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो युवती का शव फंदे से लटका मिला।
बताया जाता है कि साधना की शादी नवंबर माह में तय थी। शादी से पहले उसने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।