Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर ननिहाल जाने निकले युवक की हाथ-पैर बांधकर पीट-पीटकर हत्या, क्षेत्र में दहशत

ननिहाल जाने निकले युवक की हाथ-पैर बांधकर पीट-पीटकर हत्या, क्षेत्र में दहशत

0
ayodhya samachar

◆ केशवपुर कटुईया में पिता–पुत्र पर बर्बर वारदात का आरोप, इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम


अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र में रविवार को दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। ननिहाल जाने के लिए घर से निकले युवक को आरोपितों ने रास्ते में पकड़कर हाथ-पैर बांध दिए और बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक ने सोमवार को उपचार के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं मृतक परिवार में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, पलई कल्याणपुर निवासी अंकुर उर्फ विपुल (28) रविवार दोपहर घर से यह कहकर निकला था कि वह टांडा स्थित ननिहाल जा रहा है। रास्ते में बरियावन के पास स्थित केशवपुर कटुईया गांव में आरोपित पिता–पुत्र ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने अंकुर के हाथ-पैर बांधकर अमानवीय तरीके से उसकी पिटाई की।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक दया की गुहार लगाता रहा, हाथ जोड़कर छोड़ देने की विनती करता रहा, लेकिन आरोपितों का दिल नहीं पसीजा। वह तब तक पीटते रहे जब तक युवक बेसुध होकर जमीन पर नहीं गिर गया। उसे मृत समझकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम ने गंभीर रूप से घायल अंकुर को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सोमवार दोपहर उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक वहां कैसे पहुंचा और हमले की वजह क्या थी, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

मौत की सूचना घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मां सोनी सिंह और पिता राम शकल सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

सीओ सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सम्मनपुर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version