जलालपुर अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र के अशरफपुर भुंवा गांव से बीए प्रथम वर्ष की एक नाबालिग छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक अज्ञात युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस संबंध में छात्रा के पिता ने जलालपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित पिता के अनुसार, उनकी 17 वर्षीय पुत्री स्थानीय पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। बीते 12 अक्टूबर की शाम वह घर से निकली थी, जिसके बाद से वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पहले खुद स्तर पर बेटी की तलाश की। रिश्तेदारों, मित्रों और आसपास के इलाकों में पूछताछ की गई, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला।
पिता ने आशंका जताई है कि किसी युवक ने उनकी नाबालिग पुत्री को झांसा देकर भगाया है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और छात्रा की तलाश की जा रही है। जल्द ही लड़की को बरामद कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना से छात्रा के परिजनों में गहरी चिंता और आक्रोश है। वहीं गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस हर पहलु की बारीकी से जांच कर रही है।