जलालपुर अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में आवारा कुत्ते के काटने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि कुत्ता काटने के लगभग पखवारे बाद युवक में रेबीज के लक्षण उभर आए, जिसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बड़ेपुर गांव निवासी शिवनारायण (38) पुत्र राम अवतार मालीपुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते थे। करीब पखवारा पहले घर में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान वह बाइक से सामान खरीदने बाजार गए थे। लौटते समय रास्ते में एक आवारा कुत्ते ने उन्हें दौड़ा लिया। बाइक से गिरने के बाद कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और चेहरे सहित शरीर के कई हिस्सों को नोच डाला।
घटना के बाद परिजन घायल शिवनारायण को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद एक निजी चिकित्सक के यहां रेबीज का इंजेक्शन भी लगवाया गया। कुछ दिन तक हालत सामान्य बनी रही, लेकिन अचानक उनकी गतिविधियों में बदलाव आ गया। वह कुत्ते जैसी हरकतें करने लगे और कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर हो गई। इलाज के दौरान शिवनारायण ने दम तोड़ दिया।
मृतक दो बच्चों का पिता था। उसकी असमय मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।