Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर नेत्रहीन भाई से घर व जमीन पर कब्जे का आरोप, प्रशासन से...

नेत्रहीन भाई से घर व जमीन पर कब्जे का आरोप, प्रशासन से न्याय की गुहार

0

आलापुर अंबेडकरनगर। आलापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत पाठकपुर, थाना राजेसुल्तानपुर निवासी नेत्रहीन कपिल देव पुत्र टूबर ने अपने बड़े भाई और भतीजे पर घर व खेती की जमीन पर जबरन कब्जा करने तथा प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, उसका बड़ा भाई उमेश पुत्र टूबर और भतीजा धर्मेंद्र लगातार उसके साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं।
कपिल देव ने बताया कि उसकी खेती-बाड़ी पर काफी समय से उमेश द्वारा कब्जा कर लिया गया है। दोनों आंखों से दिखाई न देने के कारण वह असहाय है, इसी का फायदा उठाकर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। कुछ दिन पूर्व मारपीट कर उसे घर से भगा दिया गया था, जिसके बाद वह आजमगढ़ जनपद में पौहारी बाबा के पास मजार के समीप किराए के कमरे में रहने को मजबूर हुआ।
पीड़ित द्वारा राजेसुल्तानपुर थाने में तहरीर दिए जाने पर पुलिस ने उसे उसके घर में रहने की बात कही। आरोप है कि इसकी जानकारी होते ही उमेश और उसके पुत्र धर्मेंद्र घर पहुंचे और कपिल देव के दरवाजे पर बांस-बल्ली लगाकर जबरन कब्जा कर लिया। कपिल देव का कहना है कि धर्मेंद्र पुलिस विभाग वाराणसी में कार्यरत है और उसी की दबंगई के चलते वह अपने ही घर में प्रवेश नहीं कर पा रहा है।
नेत्रहीन कपिल देव के साथ लगातार दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए उसने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि वह लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। ऐसे में देखना यह है कि शासन-प्रशासन इस विकलांग व्यक्ति को कब तक न्याय दिला पाता है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version