अम्बेडकर नगर। जिले में पत्रकारिता की बुलंद आवाज रहे स्वर्गीय मनीष मिश्रा की चौथी पुण्यतिथि रविवार को सादगी और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अयोध्या समाचार कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ, जहां बड़ी संख्या में पत्रकारों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत स्व. मिश्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। वक्ताओं ने कहा कि मनीष मिश्रा ने हमेशा निडर होकर कलम चलाई। उनकी लेखनी सत्ता और समाज दोनों के सामने सच को निर्भीकता से रखने के लिए जानी जाती थी। उनकी ईमानदार पत्रकारिता आज भी जिले सहित पूरे पूर्वांचल के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि स्वर्गीय मिश्रा ने पत्रकारिता को केवल पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम माना। उन्होंने हर वर्ग की आवाज को मंच दिया और आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उनकी स्मृतियां और आदर्श नई पीढ़ी के पत्रकारों को सच्चाई और निष्पक्षता के साथ काम करने की राह दिखाते रहेंगे। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पत्रकारिता में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि जिले ने एक बेबाक और सच्चा प्रहरी खोया है, जिसकी कमी लंबे समय तक खलती रहेगी। श्रद्धांजली सभा में पत्रकार अनिल तिवारी, दुर्गेश पाण्डेय, महेंद्र मिश्रा, सुभाष गुप्ता , अखंड सिंह, गिरीश मिश्रा, लालमणि पाण्डेय, अभिषेक अग्रहरि, रजनीश कुमार, ग्राम प्रधान प्रेम मिश्रा, अमित गुप्ता, शिक्षक राम पलट सिंह, प्रवीण द्विवेदी, नीरज तिवारी मौजूद रहे।