अम्बेडकर नगर। कटेहरी के विकास पुरुष समाजवादी, चिंतक विचारक व समाजवादी आंदोलन से जुड़े नेता पूर्व मंत्री स्व०रवीन्द्र नाथ तिवारी की 31वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनके ग्राम भारीडीहा में रवीन्द्र नाथ तिवारी स्मारक इण्टर कॉलेज में एक संगोष्ठी व श्रद्धांजलि सभा का आयोजन व निशुल्क स्वास्थ्य एवं दन्त चिकित्सा शिविर लगाया गया। कार्यक्रम का उदघाटन अयोध्या प्रभारी एवं भाजपा के पूर्व अध्यक्ष डॉ मिथिलेश त्रिपाठी ने किया ।
उक्त अवसर पर डॉ मिथिलेश त्रिपाठी ने स्व० तिवारी जी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि- अप्रतिम संसदीय ज्ञान के धनी समाजवादी नेता रवीन्द्र नाथ तिवारी आठ अगस्त 1993 को हम लोगो को अलविदा कह गए थे। राजनीति में तब से लेकर अब तक उनके जैसे विचारों की दृढ़ता,निर्भीकता,स्पष्टता ,एवं संघर्षशीलता दुर्लभ बनी हुई है। उनके जैसा अकेला चलने का साहस भी किसी नेता में नहीं दिखता।
