बसखारी अम्बेडकर नगर। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 75 लाख 68 हजार रुपये लाभ का बजट प्रस्तुत करते हुए विकास कार्यों पर जोर दिया है। शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता की अध्यक्षता तथा अधिशासी अधिकारी संजय जैसवार के संचालन में आयोजित बोर्ड बैठक में 31 करोड़ 26 लाख 93 हजार रुपये के अनुमानित बजट के सापेक्ष 30 करोड़ 51 लाख 25 हजार रुपये के व्यय का प्रस्ताव रखा गया, जिसे मौजूद सभासदों ने हर्षध्वनि के साथ पारित कर दिया।
बैठक में प्रारंभिक अवशेष 25 लाख रुपये बताया गया। इस प्रकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 75 लाख 68 हजार रुपये लाभ का रहा।
बैठक के दौरान आगामी वर्ष में नगर पंचायत क्षेत्र में नीलामी समेत अन्य स्रोतों से होने वाली आय तथा क्षेत्र के विकास कार्यों पर होने वाले व्यय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। गाटा संख्या 780 व 813 में बाउंड्री वॉल सहित नगर पंचायत कार्यालय भवन निर्माण, रखरखाव के लिए कक्ष का निर्माण, डिजिटल लाइब्रेरी, पार्क व गोदाम निर्माण के प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।
इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र की सीमा में अंबेडकरनगर, आजमगढ़, टांडा, जलालपुर, जहांगीरगंज, इंटर कॉलेज रोड और माली चौराहा रोड पर प्रकाश व्यवस्था के लिए पोल व तिरंगा लाइट लगाने सहित कई अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव भी पारित किए गए।
बैठक में नगर पंचायत के लिपिक अभिषेक यादव, कार्यालय सहायक राकेश प्रजापति के साथ सभासद मायाराम, सुभाष निषाद, प्रदीप कुमार, मोनू निषाद, लालमन, रामजी, सफरूनिशा, सुनीता, ज्योति गुप्ता, मीरा रानी, सूरजलाल उपाध्याय, अमन गुप्ता सहित कई अन्य सभासद व कर्मचारी उपस्थित रहे।