अंबेडकर नगर। अहिरौली थाना क्षेत्र के पश्चिम पटेलनगर तिराहे पर बुधवार की देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। पेट्रोल पंप के समीप लकड़ी लादकर गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे में गुजरात नंबर की एक कार के चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं दोनों कारों में सवार चार से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही अहिरौली थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण ट्रैक्टर का गलत दिशा में आना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।