Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या गुप्तारघाट के राजकीय उद्यान में बन रहा अत्याधुनिक गेस्ट हाउस

गुप्तारघाट के राजकीय उद्यान में बन रहा अत्याधुनिक गेस्ट हाउस

0

अयोध्या। गुप्तारघाट स्थित राजकीय उद्यान में एक अत्याधुनिक गेस्ट हाउस का निर्माण कार्य प्रगति पर है। पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रशासनिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। गेस्ट हाउस का निर्माण 120.90 लाख रुपये की लागत से लगभग 100 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किया जा रहा है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड को सौंपी गई है।

जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार तिवारी ने बताया कि प्रस्तावित भवन जी प्लस वन (ग्राउंड प्लस वन) होगा। भूतल पर एक सुइट, बेडरूम और हाल का निर्माण किया जा रहा है, जबकि प्रथम तल पर भी इसी प्रकार की व्यवस्था होगी। गेस्ट हाउस में एसी कक्ष, आधुनिक सभागार सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे प्रशासनिक अधिकारियों के ठहराव में सुविधा होगी।

गुप्तारघाट धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। मान्यता है कि भगवान राम ने यहां जल समाधि ली थी। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसके चलते विकास कार्यों में तेजी आई है। यह परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पर्यटन विकास नीति का हिस्सा मानी जा रही है।

राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड के सहायक अभियंता संजय सिंह के अनुसार निर्माण कार्य को मई माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गेस्ट हाउस के निर्माण से राजकीय उद्यान का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटन के साथ प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version