Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या रक्षाबंधन पर बहनों को सौगात, मुफ्त सफर की सौगात से मुस्कुराई अयोध्या...

रक्षाबंधन पर बहनों को सौगात, मुफ्त सफर की सौगात से मुस्कुराई अयोध्या की नारी शक्ति

0

अयोध्या। सर्किट हाउस में परिवहन विभाग की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री की ओर से रक्षाबंधन पर बहनों के लिए एक सहयोगी के साथ मुफ्त बस यात्रा की घोषणा का महिलाओं ने स्वागत करते हुए इसे पर्व की विशेष सौगात बताया। महिलाएं महिलाएं 27 अगस्त सुबह 6:00 बजे से 29 अगस्त मध्यरात्रि तक एक सहयोगी के साथ निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।

इसके साथ लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा शुरू किए जाने के फैसले पर भी महिलाओं ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इससे बुजुर्ग महिलाओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं और परिवहन सुविधाओं की जानकारी दी।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि रक्षाबंधन पर मुफ्त बस यात्रा की सुविधा बहनों के लिए मुख्यमंत्री की ओर से विशेष उपहार है। सरकार महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि रक्षाबंधन स्नेह और विश्वास का पर्व है। महिलाओं के साथ बुजुर्ग माताओं के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाती है। इससे उन्हें जरूरी यात्राओं में राहत मिलेगी।

भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह निर्णय महिला सम्मान और सुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है। जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा से बुजुर्ग महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं को राखी बांधकर तिलक किया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह, आर एम रोडवेज काशी प्रसाद, डी के चौबे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version