Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या रामकथा पार्क में बना रहा है आधुनिक नवीन पर्यटक आवास गृह, 34...

रामकथा पार्क में बना रहा है आधुनिक नवीन पर्यटक आवास गृह, 34 कमरों की सुविधा होगी उपलब्ध

0

अयोध्या । शहर के रामकथा पार्क परिसर में एक नए पर्यटक आवास गृह (गेस्ट हाउस) का निर्माण कार्य जारी है। बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए इस परियोजना की शुरुआत की गई है, ताकि आगंतुकों को ठहरने की अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध हो सके।

निर्माणाधीन भवन जी+3 (भूतल सहित तीन मंजिल) का होगा, जिसमें कुल 34 कमरे प्रस्तावित हैं। परियोजना की अनुमानित लागत 2421.08 लाख रुपये बताई गई है। निर्माण कार्य यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड, निर्माण इकाई-11 अयोध्या की देखरेख में कराया जा रहा है, जबकि कार्यान्वयन पीपीई प्रणाली के अंतर्गत एलएंडटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।

परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें वातानुकूलित कमरे, लिफ्ट, रिसेप्शन लॉबी, रेस्टोरेंट, किचन, वाई-फाई, आधुनिक स्नानघर तथा सुरक्षा व्यवस्था शामिल होंगी। परिसर का डिजाइन इस प्रकार तैयार किया जा रहा है कि आगंतुक पार्क के हरित वातावरण और रामायण से जुड़े प्रदर्शनों का आनंद ले सकें।

रामकथा पार्क पहले से ही रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित मूर्तियों, भित्ति चित्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए जाना जाता है। नए आवास गृह के बनने के बाद यहां ठहरने वाले पर्यटक राम मंदिर, सरयू घाट तथा अन्य प्रमुख स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। निर्माण पूर्ण होने के बाद यह आवास परिसर शहर में ठहरने के विकल्पों में एक नया इजाफा करेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version