Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर विराट हिन्दू सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, जय श्रीराम के नारों से गूंजा...

विराट हिन्दू सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, जय श्रीराम के नारों से गूंजा जिला

0

अम्बेडकर नगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर जिले के बीएन इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन रविवार को शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गया। हजारों की संख्या में जुटे हिन्दू समाज के लोगों से मैदान खचाखच भर गया और ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। सम्मेलन में आरएसएस के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र प्रचारक अनिल जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए अनिल जी ने हिंदू समाज को संगठित और सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज के लोग संपन्न होने पर सोना खरीदते हैं, लेकिन घर में रखा सोना तभी सुरक्षित रहेगा जब घर में लोहा होगा। उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से आत्मरक्षा की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि हमारे देवी-देवताओं के हाथों में हमेशा अस्त्र-शस्त्र रहे हैं, इसलिए समाज को भी आत्मरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज हिंदू समाज पर चारों तरफ से हमले हो रहे हैं और लव जिहाद जैसी समस्याएं गंभीर चुनौती बन चुकी हैं। भारत-नेपाल सीमा पर मदरसों और मस्जिदों के अवैध निर्माण का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि इन स्थानों से समाज को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने केरल हाईकोर्ट के एक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी लव जिहाद के मामलों को लेकर सरकार से सवाल किए गए हैं।

अनिल जी ने राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भारत दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है जहां जाति और मजहब के आधार पर राजनीतिक पार्टियां बनी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग हिंदू समाज को टुकड़ों में बांटने का काम कर रहे हैं और उत्तर प्रदेश में हर जाति की अलग पार्टी इसका उदाहरण है।

सम्मेलन में हिंदू एकता, सामाजिक चेतना और आत्मरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजन समाज को जागृत करने और एकजुट करने का माध्यम बनते हैं।

इस दौरान सम्मेलन में पूर्व सांसद रितेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी, एम एल सी हरिओम पाण्डेय, अवधेश द्विवेदी, डॉ मिथिलेश त्रिपाठी, दीपक त्रिपाठी, डॉ रजनीश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा व संघ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version