◆ फेस्टिवल-हैंगओवर का मन पर पड़ता है असर, बच्चों और युवाओं में अधिक दिखती है यह स्थिति
◆ मिलिट्री हॉस्पिटल के जागरूकता सत्र में डॉ. आलोक मनदर्शन ने दी जानकारी
अयोध्या। त्योहारों के दौरान मिलने वाली खुशियां और उत्साह मन को तनावमुक्त रखते हैं, लेकिन त्योहार खत्म होने के बाद कई लोगों को सामान्य दिनचर्या में लौटने में परेशानी होती है। काम में मन न लगना, सुस्ती और पहले जैसा उत्साह महसूस न होना इसी का हिस्सा है। मनोविज्ञान में इसे फेस्टिवल-हैंगओवर कहा जाता है। इसका असर बच्चों, किशोरों और युवाओं में अधिक देखने को मिलता है।
यह बातें मिलिट्री हॉस्पिटल की ओर से पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय सभागार में आयोजित मनोजागरूकता सत्र में डॉ. आलोक मनदर्शन ने कहीं। उन्होंने बताया कि पर्व और त्योहार हमारे मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डालते हैं। इस दौरान शरीर में तनाव बढ़ाने वाले हार्मोन कॉर्टिसोल का स्तर कम होता है, जबकि खुशी और आनंद से जुड़े सेरोटोनिन, डोपामिन, एंडोर्फिन और ऑक्सीटोसिन जैसे हार्मोन का स्तर बढ़ता है। इससे मन में उमंग, उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ता है तथा मानसिक शांति मिलती है।
उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान लगातार मिलने वाली खुशियों और उत्साह के बाद जब व्यक्ति फिर से रोजमर्रा के कामों में लौटता है तो उसे पहले जैसी रुचि महसूस नहीं होती। काम करने का मन नहीं करता और सुस्ती बनी रहती है। इसे फेस्टिवल विद्ड्रॉल सिंड्रोम कहा जाता है। वहीं, दीपावली जैसे कई दिनों तक चलने वाले त्योहारों के बाद होने वाली शारीरिक और मानसिक थकान को फेस्टिवल-फटीग कहते हैं। इन दोनों के मिले-जुले प्रभाव को फेस्टिवल-हैंगओवर कहा जाता है।
डॉ. मनदर्शन ने कहा कि इस स्थिति से बचने के लिए त्योहारों के बाद पर्याप्त नींद लेना और धीरे-धीरे अपनी नियमित दिनचर्या में लौटना जरूरी है। कार्यस्थल और शिक्षण संस्थानों में साथियों के साथ अच्छा व्यवहार, हंसी-मजाक और आपसी सहयोग भी मन को प्रसन्न रखने में मदद करता है। इससे कामकाज में दोबारा रुचि पैदा होती है और सामान्य दिनचर्या में लौटना आसान हो जाता है।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को डॉ. मेजर सिमरन ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संयोजन नायक विशक ने किया।