◆ मिल्कीपुर में बच्चे की हत्या के मामले को लेकर सरकार पर साधा निशाना, संतों के विरोध को बताया भाजपा प्रायोजित
अयोध्या। समाजवादी पार्टी वीरांगना ऊदा देवी के निर्वाण दिवस पर 16 नवंबर को मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के इनायतनगर स्थित पांच नंबर मैदान में पीडीए सम्मेलन आयोजित करेगी। शनिवार को सिविल लाइन स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद अवधेश प्रसाद ने सम्मेलन की जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की। पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने मिल्कीपुर में बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिलने की घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि घटना का अब तक खुलासा नहीं हो पाना बेहद चिंताजनक है। यदि पुलिस जल्द मामले का खुलासा नहीं करती है तो वह ग्रामीणों के साथ मिलकर सत्याग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
वहीं, 12 दिसंबर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर संतों के विरोध पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी साधु-संतों का सम्मान करती है। संतों की नाराजगी का सवाल ही नहीं उठता। साधु-संतों, भगवान, हनुमान जी और मां सरयू की कृपा से ही उन्हें अयोध्या का सेवक और सांसद बनने का अवसर मिला है। संतों की बैठक और अखिलेश यादव से माफी मांगने की मांग पर उन्होंने कहा कि सभी को अपनी बात रखने और भावनाएं व्यक्त करने का अधिकार है। किसकी भावना क्या है और कौन कहां से बोल रहा है, यह सबको पता है। उन्होंने संतों के विरोध को भाजपा प्रायोजित बताते हुए कहा कि भाजपा के पास जनता को बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है।
अवधेश प्रसाद ने दो करोड़ रोजगार, किसानों की आय दोगुनी करने और 15 लाख रुपये खाते में भेजने के वादों का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता सरकार से परेशान है और बदलाव चाहती है। पीडीए के समर्थन से भाजपा को हटाकर प्रदेश में कल्याणकारी सरकार बनाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि गठबंधन करना, बैठक करना और राजनीतिक गतिविधियां संचालित करना सभी का संवैधानिक अधिकार है। पत्रकार वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव, जिला प्रवक्ता लवलेश पाण्डेय, स्वामी नाथ वर्मा, सरोज देवी सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।