◆ ओवरस्पीडिंग के 501 और बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 604 चालान, स्कूली बच्चों को भी किया गया जागरूक
अयोध्या। यातायात माह के तहत शुक्रवार को जिले में पुलिस और यातायात विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1362 ई-चालान किए गए। इनमें सबसे अधिक 604 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने और 501 ओवरस्पीडिंग के मामलों में किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक यातायात के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान आम नागरिकों और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। इसके साथ ही द कैम्ब्रियन स्कूल और राजकीय महिला इंटरमीडिएट कॉलेज, अयोध्या में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट के 604, तीन सवारी के 56, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर 17, फिटनेस के तीन, खराब नंबर प्लेट के 10 और सीट बेल्ट नहीं लगाने पर दो चालान किए गए। इसके अलावा ओवरस्पीडिंग के 501, ड्राइविंग लाइसेंस के 22, बिना बीमा के 24, प्रेशर हॉर्न के एक और नो पार्किंग के 64 मामलों में कार्रवाई की गई। अन्य धाराओं में 58 ई-चालान किए गए।
पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। यातायात माह के तहत 30 नवंबर तक जागरूकता और प्रवर्तन अभियान जारी रहेगा।