Sunday, November 15, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याकार्तिक पूर्णिमा मेले में स्वास्थ्य सेवाओं का रहेगा विशेष इंतजाम, 58 स्थानों...

कार्तिक पूर्णिमा मेले में स्वास्थ्य सेवाओं का रहेगा विशेष इंतजाम, 58 स्थानों पर खुलेंगे चिकित्सा केंद्र


◆ मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में 20-20, श्रीराम चिकित्सालय में 10 बेड आरक्षित


◆ मेले में 10 एंबुलेंस रहेंगी तैनात, परिक्रमा मार्गों पर भी मिलेगी प्राथमिक उपचार की सुविधा


अयोध्या। कार्तिक पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। 18 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में अतिरिक्त बेड आरक्षित करने के साथ परिक्रमा मार्गों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अस्थाई उपचार केंद्र बनाए जाएंगे। चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग पर 18, पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर 14 और कार्तिक पूर्णिमा मेले के लिए 14 स्थानों पर चिकित्सा केंद्र स्थापित करने की योजना है।

स्वास्थ्य विभाग की कार्ययोजना के अनुसार राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय में 20-20 बेड तथा श्रीराम चिकित्सालय में 10 बेड आरक्षित रहेंगे। अस्थाई चिकित्सा केंद्रों पर चिकित्सकों, फार्मासिस्ट और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने या किसी दुर्घटना की स्थिति में उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए मेला क्षेत्र में 10 एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। इसके अलावा चौदहकोसी और पंचकोसी परिक्रमा के दौरान भी 10-10 स्थानों पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने की व्यवस्था प्रस्तावित है।

चिकित्सा सेवाओं के संचालन और निगरानी के लिए मेला क्षेत्र में नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया जाएगा। इसके माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी और जरूरत के अनुसार उपचार एवं एंबुलेंस सेवाओं का समन्वय किया जाएगा।


प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बनेंगे उपचार केंद्र


कार्तिक पूर्णिमा मेले के दौरान हनुमानगढ़ी, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन, कनक भवन मंदिर परिसर, श्रीराम जन्मभूमि निकास द्वार, पीएफसी, नागेश्वरनाथ, कारसेवकपुरम, साकेत पेट्रोल पंप, अंतरराष्ट्रीय बस स्टॉप, दशरथ महल, वीणा चौराहा (लता मंगेशकर चौक), हनुमान गुफा और कंट्रोल रूम सहित 14 स्थानों पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। पक्का घाट पर आठ बेड का अस्थाई चिकित्सालय भी बनाया जाएगा।


चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग पर 18 केंद्रों की व्यवस्था


चौदहकोसी परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के लिए पक्का घाट, बंधा तिराहा, साकेत पेट्रोल पंप, हनुमानगढ़ी मंदिर, श्रीराम जन्मभूमि निकास द्वार, पीएफसी निकास द्वार, हनुमान गुफा, मौनीबाबा, हलकारा का पुरवा, दर्शननगर, अचारी का सगरा, जनौरा, सहादतगंज हनुमानगढ़ी, गुप्तार घाट, अफीमकोठी, चक्रतीर्थ और झुनकी घाट सहित निर्धारित स्थलों पर चिकित्सा केंद्र बनाए जाएंगे।


पंचकोसी परिक्रमा में 14 स्थानों पर मिलेगी सुविधा


पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर पक्का घाट, बंधा तिराहा, साकेत पेट्रोल पंप, हनुमानगढ़ी मंदिर, श्रीराम जन्मभूमि निकास द्वार, पीएफसी निकास द्वार, हनुमान गुफा, मौनीबाबा, हलकारा का पुरवा, चूड़ामणि चौराहा, उदया चौराहा, चक्रतीर्थ, ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा और झुनकी घाट पर चिकित्सा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि परिक्रमा और मेले के दौरान श्रद्धालुओं को उपचार के लिए भटकना न पड़े और जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments