जलालपुर, अंबेडकर नगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर में पानी की आपूर्ति ठप होने से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को हो रही परेशानी से संबंधित खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी ईशा प्रिया के संज्ञान लेने पर मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा ने गुरुवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पानी की सप्लाई बंद मिलने के साथ महिला एवं पुरुष शौचालयों में गंदगी का अंबार मिला। वहीं, परिसर स्थित 30 शैय्या मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र में पुरुष मरीजों की भर्ती देखकर सीडीओ ने जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मियों से जवाब-तलब किया। निरीक्षण में एक के बाद एक अव्यवस्थाएं सामने आने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
मुख्य विकास अधिकारी सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां पानी की आपूर्ति पूरी तरह बाधित मिली। महिला और पुरुष शौचालयों की स्थिति भी बेहद खराब थी। जगह-जगह गंदगी देखकर उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों को फटकार लगाई। इसके बाद ओपीडी कक्ष में पहुंचकर मरीजों की संख्या और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। शुगर जांच की स्ट्रिप उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने कारण पूछा। इस पर चिकित्सक डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि आवश्यक सामग्री की कमी को लेकर पत्राचार किया गया है और जल्द ही आपूर्ति होने की उम्मीद है।
इसके बाद सीडीओ ने परिसर में संचालित 30 शैय्या मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र का निरीक्षण किया। यहां भी पानी की आपूर्ति बंद मिलने से वॉशरूम और शौचालयों में गंदगी फैली हुई थी। निरीक्षण के दौरान वार्ड में पुरुष मरीजों को भर्ती देखकर उन्होंने संबंधित चिकित्सक से पूछा कि मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र में पुरुष मरीजों को किस आधार पर भर्ती किया गया है। इस पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
जानकारी के अनुसार, केंद्र में सुल्तानपुर जिले के कादीपुर तहसील अंतर्गत लौहरा गांव निवासी राधेश्याम दुर्घटना में घायल होने के बाद भर्ती थे। वहीं, जलालपुर के वाजिदपुर गांव निवासी सविता नसबंदी के बाद भर्ती थीं। इसके अलावा गुवावा जमालपुर निवासी विनय प्रकाश पैर की गंभीर समस्या को लेकर पहुंचे थे और उन्हें भी इसी केंद्र में भर्ती किया गया था। पुरुष मरीजों की भर्ती को लेकर सीडीओ ने चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगा।
पानी की आपूर्ति बाधित होने का कारण पूछने पर स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल त्रिपाठी और डॉ. वेद प्रकाश सहित अन्य कर्मचारियों ने बजट की कमी के चलते कार्य नहीं हो पाने की बात कही। इस पर सीडीओ ने सवाल किया कि यदि अब तक बजट उपलब्ध नहीं था तो वर्तमान में किस बजट से कार्य कराया जा रहा है। इस सवाल पर कर्मचारी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।
हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच करने पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी के निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार बादल मौजूद नहीं थे। पानी की आपूर्ति ठप होने, शौचालयों में गंदगी और मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में पुरुष मरीजों की भर्ती जैसी अव्यवस्थाओं पर सीडीओ ने गहरी नाराजगी जताई।
मीडिया से बातचीत में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर निरीक्षण किया गया है। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। अस्पताल में मिली कमियों को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि मरीजों को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें और शासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उन्हें मिल सके।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल त्रिपाठी, डॉ. वेद प्रकाश, फार्मासिस्ट मनोज यादव, गुलाब सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।