Friday, November 6, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यादीपोत्सव के हर आयोजन की जिम्मेदारी अलग-अलग मजिस्ट्रेटों को सौंपी गई

दीपोत्सव के हर आयोजन की जिम्मेदारी अलग-अलग मजिस्ट्रेटों को सौंपी गई


◆ उप राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन ने तय किया अधिकारियों का दायित्व


◆ रामकथा पार्क से राम की पैड़ी तक व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे वरिष्ठ अधिकारी


अयोध्या। दीपोत्सव के प्रमुख आयोजनों में व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। उप राष्ट्रपति के आगमन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थलों को अलग-अलग प्रशासनिक अधिकारियों के सुपुर्द किया गया है। एयरपोर्ट पर अतिथियों की अगवानी से लेकर श्रीरामजन्मभूमि परिसर में दर्शन-पूजन, शोभायात्रा और राम की पैड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन तक हर गतिविधि की निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

पांच नवंबर को जारी संशोधित आदेश के मुताबिक रामकथा पार्क की व्यवस्थाओं का समग्र दायित्व मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह को दिया गया है। यहां मंच संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ विशिष्ट अतिथियों, संत समाज और मीडिया के लिए निर्धारित दीर्घाओं की जिम्मेदारी अलग-अलग अधिकारियों को सौंपी गई है। वहीं राम की पैड़ी पर अपर जिलाधिकारी अमित कुमार भट्ट व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। मुख्यमंत्री के मंच, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संतों और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था के लिए भी अलग-अलग अधिकारियों को लगाया गया है। दीप प्रज्ज्वलन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं अपर जिलाधिकारी नगर एवं मेलाधिकारी दिनेश के नेतृत्व में संचालित होंगी।

विशिष्ट अतिथियों की आवाजाही को लेकर भी प्रशासन ने अलग कार्ययोजना बनाई है। एयरपोर्ट पर अपर जिलाधिकारी कौशल कुमार आगमन और प्रस्थान की व्यवस्था देखेंगे। एयरपोर्ट से नया घाट होते हुए श्रीरामजन्मभूमि परिसर तक मार्ग और शांति व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त भारत तथा डिप्टी कलेक्टर गजेंद्र सिंह को दी गई है। साकेत महाविद्यालय बंधा तिराहे से रामकथा पार्क तक निकलने वाली शोभायात्रा की निगरानी मुख्य राजस्व अधिकारी गजेंद्र कुमार करेंगे। उनके साथ जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी तैनात रहेंगे।

दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात एवं भीड़ प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। नया घाट स्थित सरयू आरती स्थल की व्यवस्थाओं का दायित्व अपर जिलाधिकारी प्रशासन विशु राजा और उप जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार शर्मा को सौंपा गया है। वहीं पूरे शहर की यातायात व्यवस्था अपर जिलाधिकारी इंद्राकांत द्विवेदी के जिम्मे रहेगी। राम की पैड़ी और प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, आवागमन तथा अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी भी निर्धारित अधिकारियों के माध्यम से की जाएगी।

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी प्रमुख स्थलों पर अधिकारियों के दायित्व निर्धारित कर दिए गए हैं। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments