Friday, October 30, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याअयोध्या के 3.93 लाख किसानों के खाते में पहुंची पीएम किसान सम्मान...

अयोध्या के 3.93 लाख किसानों के खाते में पहुंची पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त


◆ प्रत्येक किसान को मिले दो हजार रुपये, कुल 78.60 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित; कृषि विज्ञान केंद्र मसौधा में हुआ पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन


अयोध्या । प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने के साथ ही अयोध्या जनपद के 3,93,011 किसानों के बैंक खातों में कुल 78.60 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। प्रत्येक पात्र किसान के खाते में दो हजार रुपये भेजे गए। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र मसौधा में पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री द्वारा किस्त जारी किए जाने का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अयोध्या मंडल के संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. ए.के. मिश्र ने की। इस दौरान उप कृषि निदेशक डॉ. पी.के. कनौजिया, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सौरभ वर्मा, कृषि विज्ञान केंद्र मसौधा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ डॉ. बी.पी. शाही सहित केंद्र के अन्य वैज्ञानिक, कृषि विभाग के कर्मचारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक डॉ. पी.के. कनौजिया ने किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के लाभ प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं और उनके समाधान की जानकारी दी। उन्होंने योजना से संबंधित प्रक्रियाओं और आवश्यक सुधारों के बारे में बिंदुवार जानकारी देते हुए किसानों की समस्याओं के निस्तारण पर जोर दिया।

कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बी.पी. शाही ने रबी फसलों की बुवाई को लेकर किसानों को जरूरी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर उत्पादन के लिए फसलों की प्रजातियों का चयन और बुवाई का उचित समय निर्धारित करना महत्वपूर्ण है। किसानों को रबी सीजन की तैयारियों में इन दोनों पहलुओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

इस अवसर पर कृषि विभाग की ओर से चयनित किसानों को मिनीकिट भी वितरित किए गए। विकासखंड मसौधा के किसान जगरूराम पोरा को मटर मिनीकिट तथा बिरौली के किसान अजीत प्रताप सिंह को चना मिनीकिट प्रदान किया गया। दोनों किसानों का चयन बुकिंग के बाद ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया था। संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. ए.के. मिश्र ने उन्हें मिनीकिट वितरित किए।

कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक डॉ. पी.के. कनौजिया ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, वैज्ञानिकों और किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments