◆ यूपीएसटीडीसी ने शुरू किया ‘अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल‘, एसी वाहन और गाइड की मिलेगी सुविधा; वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को होगा लाभ
अयोध्या। दीपोत्सव-2026 से पहले रामनगरी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने विशेष सौगात दी है। अब पर्यटक महज छह घंटे में अयोध्या के प्रमुख धार्मिक और पौराणिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए निगम ने एक दिवसीय ‘अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल’ टूर पैकेज शुरू किया है। एक नवंबर से शुरू होने वाली इस यात्रा में एसी वाहन के साथ स्थानीय टूर गाइड की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए सुविधाजनक होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस योजना के तहत प्रतिदिन दो बैच संचालित किए जाएंगे। पहला बैच सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक और दूसरा बैच दोपहर एक बजे से शाम सात बजे तक चलेगा। यात्रा की शुरुआत लता मंगेशकर चौक से होगी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि 14 कोसी परिक्रमा का अयोध्या की धार्मिक परंपराओं में विशेष महत्व है। ‘अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल’ के माध्यम से श्रद्धालुओं को इस परिक्रमा मार्ग से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के साथ रामायण सर्किट में अयोध्या की महत्ता को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
रामायण वैक्स म्यूजियम से शुरू होगा भ्रमण
यात्रा के पहले पड़ाव में पर्यटकों को रामायण वैक्स म्यूजियम ले जाया जाएगा। यहां भगवान श्रीराम, माता सीता और रामायण के अन्य पात्रों की मोम से बनी प्रतिमाओं के माध्यम से महाकाव्य के प्रसंगों को देखने का अवसर मिलेगा। इसके बाद सूर्य कुंड, गिरिजा कुंड और पंचमुखी महादेव मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा में गुप्तार घाट, झुनकी घाट, लक्ष्मण किला और शेषावतार मंदिर भी शामिल हैं। इसके अलावा स्वर्गद्वार, राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। गाइड इन स्थलों के इतिहास, धार्मिक महत्व और उनसे जुड़े पौराणिक प्रसंगों की जानकारी देंगे।
सरयू आरती के साथ होगा यात्रा का समापन
छह घंटे की इस आध्यात्मिक यात्रा का समापन सरयू आरती के साथ होगा। सरयू तट पर दीप प्रज्ज्वलन, पूजा-अर्चना और भक्ति गीतों के बीच आरती में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके बाद पर्यटकों को वापस लता मंगेशकर चौक पहुंचाया जाएगा। पैकेज में सभी स्थलों तक आने-जाने के लिए एसी वाहन और स्थानीय टूर गाइड अथवा कोऑर्डिनेटर की सुविधा शामिल है। हालांकि, होटल में ठहरने और भोजन की व्यवस्था पैकेज का हिस्सा नहीं है।
ऑनलाइन और फोन से करा सकेंगे बुकिंग
इच्छुक पर्यटक यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in पर ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। इसके अलावा 8130966118 नंबर पर संपर्क कर पैकेज की जानकारी और बुकिंग की जा सकती है। यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने कहा कि इस टूर पैकेज को इस तरह तैयार किया गया है कि पर्यटक एक ही दिन में गाइड के साथ अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर सकें। यह सुविधा खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए उपयोगी होगी। इसका उद्देश्य आध्यात्मिक यात्रा को सुगम बनाने के साथ पर्यटकों को अयोध्या की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।