Monday, October 26, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यामहर्षि वाल्मीकि जयंती पर नगर निगम ने चलाया स्वच्छता अभियान

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर नगर निगम ने चलाया स्वच्छता अभियान


◆ रेलवे स्टेशन से रामजन्मभूमि मंदिर तक हुई सफाई, ठेला संचालकों के साथ बैठक; अतिक्रमण हटाने और जलापूर्ति सुधारने के निर्देश


अयोध्या। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने रेलवे स्टेशन के सामने से रामजन्मभूमि मंदिर मार्ग और आसपास की कॉलोनियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर कूड़ा एकत्र किया गया। दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग भी कराई गई।

अभियान में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मनोज वाल्मीकि भी शामिल हुए। महापौर ने बुके भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके बाद श्रीरामजन्मभूमि मंदिर के सामने भी सफाई अभियान चलाया गया।

महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि अपने नगर, घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखना ही महर्षि वाल्मीकि को सच्चे अर्थों में नमन है। स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जनसहभागिता से ही अयोध्या को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।

सायंकाल महापौर ने ठेला संचालकों के साथ बैठक कर आगामी 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित होने वाले मां सरयू महा स्वच्छता अभियान में भागीदारी का आह्वान किया।

इस मौके पर पार्षद अर्चना श्रीवास्तव, अनीता द्विवेदी, माईवाड़ा मंदिर के महंत प्रदीप दुबे, मणि महोत्सव समिति के अध्यक्ष भवानी शंकर त्रिपाठी, सत्येंद्र श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त भरत भार्गव, शिक्षक नेता श्रीनिवास शास्त्री, राजाराम सेवा संस्थान के इंद्रप्रीत सिंह बेदी, अभय यादव, राम मिश्र, आशीष कौर, रुचिरा सिंह, मीना यादव, चिंतन संस्था के विमल, विनय और अरविंद तथा सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता विनय बाघमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


अतिक्रमण हटाने के लिए सप्ताह में दो बार चलेगा अभियान


नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने रेलवे स्टेशन से रामपथ के बीच सड़क पर ठेले लगाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने जोनल अधिकारी ज्वाला प्रसाद को सप्ताह में दो बार नियमित अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही इस कार्रवाई में जिला प्रशासन का सहयोग लेने को कहा।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं होने की शिकायत की। लोगों ने बताया कि करीब 15 दिनों से पानी की लीकेज की समस्या बनी हुई है। इस पर महापौर ने जल निगम के अधिकारियों को तलब कर जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने और लीकेज की समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments